रुद्रपुर। एक सप्ताह बाद एक बार फिर तराई में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। 26 से तीन दिन तक तराई में मौसम बदला रहेगा। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों में बारिश तो पर्वतीय क्षेत्रों में ओले पड़ने की संभावना है।
रबी सीजन में अब तक तीन-चार बार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो चुका है। इसके बावजूद पूरे सर्दी के सीजन में 10 मिमी बारिश भी नहीं हुई। अभी तीन-चार दिन पूर्व जिले में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ था। इस दौरान केवल बूंदाबांदी ही हुई।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में 25 फरवरी से बदलाव दिखने लगेगा। आसमान में बादल छाएंगे और तेज हवा चल सकती है। इससे 26 से 28 फरवरी तीन दिन तक बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। इस दौरान तराई में बारिश की संभावना है। बारिश के साथ तेज हवा चलने पर किसानों की फसल को बहुत नुकसान की आशंका है। इससे गेहूं और सरसों की फसल प्रभावित होगी। दोनों फसलों के ऊपरी हिस्से में बालियां लगी हैं। ऐसे में हवा चली तो दोनों फसलें जमीन पर गिर जाएंगी।
पंतनगर विवि के मौसम वैज्ञानिक डाॅ. आरके सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 26 से 28 तक इसका असर रहेगा। इससे मैदानी इलाकों में हल्की बारिश तो पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ ओले पड़ सकते हैं। मंगलवार को मौसम साफ रहेगा। बुधवार से बादल मंडराने लगेंगे।