काशीपुर। शहर की सड़कों पर लावारिस पशुओं की संख्या में बढ़ रही है। ये बेजुबान पशु खाने की तलाश में इधर-उधर भटकते हैं और अक्सर हादसों का सबब बन जाते हैं। पिछले एक सप्ताह में ही कई बार इन बेजुबानों की वजह से कई हादसे हो चुके हैं। व्यापारियों ने नगर निगम के अधिकारियों से लावारिस पशुओं की धरपकड़ करने तथा बाजार में होने वाले हादसों पर रोक लगाने की मांग की है। नगर निगम के अधिकारियों ने लावारिस पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाने और मवेशियों को बाजार में छोड़ने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की बात कही है।
यहां लावारिस पशु अधिक
कटोराताल, रतन सिनेमा रोड, नगर निगम मार्ग, चीमा चौराहा, गिरीताल मार्ग।
केस स्टडी 01
कटोरा ताल क्षेत्र के व्यापारियों ने बताया कि शनिवार को एक आइसक्रीम विक्रेता के ठेले में सांड़ ने टक्कर मार कर पलट दिया इस कारण आइसक्रीम विक्रेता का नुकसान तो हुआ ही ठेला भी टूट गया उसको चोट भी आई।
केस स्टडी 02
शनिवार को रतन सिनेमा रोड पर एक बुजुर्ग दंपती स्कूटी से बाजार की ओर जा रहा था। इस दौरान एक लावारिस पशु सड़क पार करते हुए दौड़ा और उनकी स्कूटी से टकरा गया। इससे दोनों पति-पत्नी चोटिल हो गए।
केस स्टडी 03
रविवार सुबह किला बाजार क्षेत्र में दो सांड़ आपस में लड़ते हुए एक दुकान में घुसते घुसते बचे। व्यापारियों ने उन्हें डंडे लेकर खदेड़ा। अगर समय रहते उन्हें न खदेड़ा जाता तो किसी भी अनहोनी से इन्कार नहीं किया जा सकता।
बोले लोग
अरुण शर्मा ने कहा कि कटोराताल क्षेत्र में दिनभर लावारिस पशु घूमते रहते हें। क्षेत्र में कई स्कूल होने से यहां बच्चों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में पशु बच्चों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
राम सिंह ने कहा कि लावारिस पशु हर रोज बाजार में व्यापारियों का काफी नुकसान करते हैं। कई बार सड़क दुर्घटना का कारण भी बन जाते हैं। इनके लिए बड़ा अभियान चलाने की जरूरत है।
नगर आयुक्त विवेक राय ने बताया कि लावारिस पशुओं की धरपकड़ के लिए समय-समय पर कार्रवाई की जाती रही है। आगे भी अभियान चलाया जाएगा । खास तौर पर ऐसे लोग जो अपने पालतू पशुओं को खुला छोड़ देते हैं उनके विरुद्ध कड़ा अभियान चलाया जाएगा। उन पर अर्थदंड भी लगाने की कार्रवाई होगी।