कुंडेश्वरी क्षेत्र में सोमवार की दोपहर एक रेस्टोरेंट में बकाया बिल मांगने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट में आया और तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
काशीपुर के कुंडेश्वरी क्षेत्र में सोमवार की दोपहर एक रेस्टोरेंट में बकाया बिल मांगने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि एक व्यक्ति अपने साथियों के साथ रेस्टोरेंट में आया और तोड़फोड़ करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट की।
विज्ञापन
रेस्टोरेंट स्वामी मनोज लखेड़ा ने कुंडेश्वरी चौकी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि ढकिया निवासी कबलजीत सिंह पिछले एक महीने से उनके रेस्टोरेंट पर खाना खा रहा था। उसका करीब 22-23 हजार रुपये का बिल हो गया था। इसमें से उसने सिर्फ पांच हजार रुपये दिए थे। मनोज लखेड़ा का आरोप है कि जब उन्होंने बाकी पैसे मांगे तो कबलजीत सिंह गुस्सा हो गया। वह 7-8 लड़कों के साथ रेस्टोरेंट पहुंचा। पहले उसने कर्मी दीपक के साथ गाली-गलौज की और उसमें जातिसूचक शब्दों का भी प्रयोग किया। विरोध करने पर दीपक और सुमित रौतेला की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। हमलावरों ने रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ भी की और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने कुंडेश्वरी बाजार बंद कराया और जुलूस निकालकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकी का भी घेराव किया। पुलिस का कहना है कि मनोज लखेड़ा की तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर जल्द मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात है।