हल्का पटवारी पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय पर धरना दिया। बाद में एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
शनिवार को ग्राम मजराशीला के कई ग्रामीण मौ. हारिश के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हल्का पटवारी पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए।
आरोप था कि स्थायी, जाति आदि प्रमाण पत्रों की रिपोर्ट के नाम पर अवैध वसूली की जाती है। इससे गरीब ग्रामीणों में रोष है। इसके बाद ग्रामीणों ने एसडीएम पूरन सिंह राणा को ज्ञापन सौंपते हुए उक्त पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त किया। इस मौके पर सत्तार, नूर अहमद, जुल्फेकार अली, तस्बीर अहमद, आसिफ अली, सगीर अहमद, गुलाम साबिर, मरुल निशा, रुकमान बाबा, अखलाक अहमद आदि मौजूद थे।