रुद्रपुर। रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर अमृत अस्पताल के पास मंगलवार की रात एक दर्दनाक और इंसानियत को झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है। हाईवे पर एक अज्ञात युवक को पहले किसी वाहन ने टक्कर मारी और फिर रात के अंधेरे में कई घंटों तक वहां से गुजरने वाले वाहन उसके शव को कुचलते रहे। हादसा इतना खौफनाक था कि मृतक का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत होकर सड़क पर चिपक गया जिससे उसकी शिनाख्त करना भी मुश्किल हो गया है।
मंगलवार रात काशीपुर रोड पर अमृत अस्पताल के सामने से गुजर रहे एक अज्ञात युवक को किसी तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक घायल को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से भाग गया। रात का अंधेरा और हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार के कारण किसी की नजर सड़क पर पड़े घायल पर नहीं पड़ी।
हद तो तब हो गई जब हादसे के बाद कई घंटों तक उस मार्ग से गुजरने वाले भारी वाहन (ट्रक व अन्य गाड़ियां) सड़क पर पड़े युवक को बेरहमी से रौंदते चले गए। इसके चलते शव के चीथड़े उड़ गए और पैर के अलावा शरीर का कोई भी हिस्सा साबुत नहीं बचा।
रात मेें ढाई बजे टेंपो चालक ने दी पुलिस को सूचना
रात करीब ढाई बजे वहां से गुजर रहे एक टेंपो चालक की नजर सड़क पर बिखरे शव के लोथड़ों पर पड़ी जिसके बाद उसने तुरंत कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस, एम्बुलेंस और पोस्टमार्टम हाउस के कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची। शव की स्थिति इतनी खराब हो चुकी थी कि उसके अवशेषों को एक बोरी में इकट्ठा कर मोर्चरी (पोस्टमार्टम हाउस) भिजवाना पड़ा।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, शिनाख्त के प्रयास तेज
शव को फिलहाल मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक की पहचान करने की कोशिशें की जा रही हैं। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारकर भागने वाले सबसे पहले वाहन और उसके बाद शव को रौंदने वाले अन्य वाहनों की पहचान की जा सके और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। - विभव सैनी, सीओ