उत्तरांचल केबिल नेटवर्क के कंट्रोल रूम में सुबह के समय भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड के समय रहते मौके पर पहुंचने से बढ़ा हादसा टल गया। इस अग्निकांड में कंट्रोल रूम को लगभग बीस लाख रुपए का नुकसान हुआ है। कंट्रोल रूम में लगी आग से पूरे नगर सहित आसपास के अन्य नगरों तक केबिल टीवी के कनेक्शन प्रभावित रहे। कंट्रोल रूम के संचालकों का कहना है कि रविवार तक लाइन सुचारु कर दी जाएगी।
संजय मार्केट के प्रथम तल की दुकानों में स्थित उत्तरांचल केबिल नेटवर्क के कंट्रोल रूम में सुबह साढ़े नौ बजे शार्ट सर्किट के चलते आग लग गई। घटना के समय कंट्रोल रूम में कोई मौजूद नहीं था। कुछ ही देर में पूरा कंट्रोल रूम आग की चपेट में आ गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कंट्रोल रूम के शीशे तोड़कर आग बुझाई। फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग आगे नहीं फैली, जिससे बड़ा हादसा टल गया। केबिल नेटवर्क के संचालक एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य नंदन सिंह खड़ायत ने बताया कि अग्निकांड में ट्रांसमीटर, कोम, सेटअप बॉक्स, रिसीवर सहित सभी इलेक्ट्रानिक सामान जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने बताया आग से करीब लगभग बीस लाख रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया है।
कंट्रोल रूम से नगर के अलावा टनकपुर, बनबसा, चकरपुर, मझोला, झनकट, नानकमता सहित क्षेत्र के तमाम ग्राम सभाओं में लाइन गई हुई है। अग्निकांड के चलते केबिल नेटवर्क सेवा ठप रही। संचालक खड़ायत ने बताया कि कंट्रोल रूम को रविवार तक सही कर लिया जाएगा। संजय मार्केट के व्यापारियों ने फायर ब्रिगेड द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर आग बुझाने वाली टीम का आभार प्रकट किया, जिनकी वजह से बड़ा हादसा टल गया।