आंध्र प्रदेश से मछली लेकर आ रहा ट्रक कानपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना में पुरानी मंडी निवासी ट्रक चालक रुपेश कुमार (45) की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद परिजन शव को घर ले आए। किच्छा पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाया है।
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, नगर के पुरानी मंडी के हाथीखाना मोहल्ला निवासी रुपेश कुमार (45) मछली मंडी में ट्रक चलाता है। वह आंध्र प्रदेश से मछली लेकर आता था। बताया जा रहा है कि 28 जनवरी सुबह रुपेश का ट्रक कानपुर के निकट किसी अन्य वाहन से टकरा गया। दुर्घटना के बाद रुपेश को घायल अवस्था में कानपुर के एक निजी अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि रुपेश की मौत होने के बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम करवाए शव को किच्छा ले आए। सूचना पर पहुंची किच्छा पुलिस ने मृतक के पोस्टमार्टम की कार्रवाई की है।