रुद्रपुर। दीपावली पर्व के लिए शहर के बर्तन कारोबारियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शहर के मुख्य बाजार, डीडी चौक, बाटा चौक के बर्तन कारोबारी अतिरिक्त स्टॉक मंगाने लगे हैं। व्यापारियों को धनतेरस पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।
दुकानों में स्टील के डिनर सेट, भगोने, कुकर, पीतल और तांबे के बर्तन, नॉनस्टिक और बोन चाइना के बर्तनों का स्टॉक पहुंच चुका है। धनतेरस पर सबसे ज्यादा मांग स्टील के बर्तनों की रहती है। 200 रुपये से लेकर 10,000 रुपये तक के सेट ग्राहकों के लिए रखे गए हैं। पीतल और तांबे के बर्तनों की तरफ भी लोगों का रुझान बढ़ा है।
नवरात्र से ही ग्राहक पूछताछ करने आने लगे हैं। धनतेरस पर लोग बर्तनों की अधिक खरीदारी करेंगे। इस बार पिछले साल से 30 फीसदी ज्यादा कारोबार का अनुमान है। -धर्मपाल, बर्तन कारोबारी।
थोक में माल की सप्लाई पूरी हो गई है और कारीगरों से पॉलिश और पैकिंग का काम भी तेज कर दिया गया है। बाजार में शाम होते ही रौनक और बढ़ जाती है। -अनुपम नागपाल, बर्तन कारोबारी।
प्रशासन ने बाजार में सुरक्षा और लाइटिंग के पुख्ता इंतजाम किए हैं ताकि ग्राहकों को कोई दिक्कत न हो। त्योहारी सीजन में ग्राहकों की जरूरत के अनुसार व्यापारी हर तरह की सामान मंगा रहे हैं। -संजय जुनेजा, अध्यक्ष व्यापार मंडल