काशीपुर में मृतक प्रीतपाल की फाइल फोटो।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। मां की बीमारी से तनाव में चल रहे एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पंजाब निवासी राजेंद्र सिंह सेना में तैनात था। दो दशक पूर्व तैनाती के दौरान राजेंद्र की मृत्यु हो गई। इसके बाद राजेंद्र का परिवार ग्राम गिन्नीखेड़ा में उसके छोटे भाई के साथ आकर रहने लगा। उसकी पत्नी विमलजीत कौर ने फंड और पेंशन की राशि से पक्काकोट में मकान खरीदा था। उसकी छोटी बेटी संदीप कौर का विवाह हो चुका है। बड़ी बेटी गुरप्रीत कौर अपनी मां के साथ रहती है। उसका इकलौता पुत्र प्रीतपाल सिंह उर्फ सन्नी बेरोजगार था। मां की बीमारी को लेकर प्रीतपाल सिंह परेशान रहता था।
तीन वर्ष पूर्व भी उसने आत्महत्या का प्रयास किया था लेकिन तब परिजनों ने उसे बचा लिया था। मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे प्रीतपाल सिंह ने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। आधे घंटे बाद उसकी बहन ने भाई का शव पंखे से लटका देखा। उसने अपनी मां को जगाया। मां-बेटी के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। पार्षद वैशाली गुप्ता की सूचना पर पहुंचे एसआई दीपक जोशी ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों से पूछताछ की।