ऊधमसिंह नगर जिले में दो दिनों में दो पेट्रोल पंपों पर फिल्मी स्टाइल में हुई डकैती की घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। झनकट में बाइक सवार बदमाशों ने 42 सेकेंड में घटना को अंजाम दिया, जबकि किच्छा में महज 30 सेकेंड में वारदात कर बदमाश आसानी से भाग गए। माना जा रहा है कि यह गैंग यूपी बार्डर से सटे क्षेत्रों का है। पुलिस की टीमें सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी हैं।
खटीमा के झनकट में शुक्रवार रात हाईवे किनारे पेट्रोल पंप पर दो बाइकों पर सवार छह बदमाश पहुंचे। उन्होंने तमंचे के बल पर पंप के सेल्समैन से 27 हजार रुपये लूटे और 42 सेकेंड में वारदात को अंजाम देकर आसानी से भाग निकले थे। पुलिस वारदात को सुलझाने में लगी थी।
शनिवार रात किच्छा में नेशनल हाईवे किनारे स्थित पेट्रोल पंप पर भी इसी स्टाइल में छह बदमाश दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे। दो-दो बदमाशों ने दो जगहों पर बैठे सेल्समैन को तमंचा दिखाकर धमकाया और दो बदमाश बाइक स्टार्ट कर खड़े रहे। 30 सेकेंड में बदमाश 67 हजार रुपये लूटकर रुद्रपुर की ओर भाग गए। वारदात करने के तरीके और बदमाशों के हुलिये के आधार पर दोनों घटनाओं में एक ही गैंग के शामिल होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।
हाईवे पर पेट्रोलिंग टीम रहती है तैनात
दोनों वारदातों में एक गैंग के ही शामिल होने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। जांच की जा रही है और जल्द ही बदमाशों तक पुलिस पहुंचेगी। - मणिकांत मिश्रा, एसएसपी
घटना के खुलासे के लिए चार टीमें लगाई गई हैं, साथ ही एसओजी भी जुटी हुई है। सर्विलांस, मुखबिर, सीसीटीवी, संदिग्धों से पूछताछ में टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही वारदातों में शामिल अभियुक्त गिरफ्त में होंगे। -मणिकांत मिश्रा, एसएसपी।