फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ट्राले ने बाइक सवार जीजा-साले को रौंदा, शवों के उड़े चिथड़े

विज्ञापन
विज्ञापन
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। शहर के गावा चौक पर सोमवार को एक ट्राले ने बाइक सवार जीजा और साले को रौंद दिया। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। हादसे का वीडियो सीसीटीवी में कैद हुआ है। पुलिस ने ट्राले को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। मृतकों के परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन

जालिम नगला भोजीपुरा बरेली निवासी देवेंद्र गंगवार (23) पुत्र रमेश चंद्र ने कुछ समय पहले ही बैंक में नौकरी की परीक्षा पास की है। उसे रुद्रपुर के भूरारानी स्थित उत्कर्ष बैंक में पहली तैनाती मिली। सोमवार को वह अपने जीजा एवन (30) पुत्र रामदत्त निवासी गुलड़िया भाट मिलक रामपुर के साथ बैंक शाखा में नियुक्ति लेने आ रहा था। सुबह छह बजे गावा चौक को पार करते ही गदरपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक सवार जीजा, साले को चपेट में ले लिया। ट्राला 30 मीटर दूर तक बाइक समेत दोनों को घसीटता हुआ ले गया। जब तक चालक ने ट्राला रोका, तब तक उनके जिस्म बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे, मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। घटना का वीडियो एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। कोतवाल विजेंद्र साह ने बताया कि ट्राला चालक को हिरासत में ले लिया है। विवेचना के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि देवेंद्र तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। वहीं, एवन की चार साल और दो साल की दो बेटियां हैं।
मंजिल पर पहुंचने से पहले काल बनकर गुजरा ट्राला
रुद्रपुर। देवेंद्र गंगवार ने बैंक की नौकरी के बाद कई सपने संजोए थे। ज्वाइनिंग से एक दिन पहले ही वह बरेली से अपने जीजा के घर रामपुर पहुंच गया था। रुद्रपुर में अपनी मंजिल की दहलीज पर पहुंचने से पहले काल बनकर मौत का ट्राला उसके ऊपर से गुजर गया।
विज्ञापन

बरेली के जालिम नगला भोजीपुरा निवासी देवेंद्र गंगवार होनहार था। बचपन से ही उसका सपना बैंक में नौकरी करना था। महज 23 साल की उम्र में उसने यह सपना सच साबित कर लिया था। रुद्रपुर के भूरारानी स्थित उत्कर्ष बैंक की शाखा में उसे पहली तैनाती मिली थी। उसने सोमवार के दिन को शुभ मानकर ज्वाइनिंग करने का निर्णय लिया था। उसे क्या पता था कि मंजिल पर ही मौत उसकी राह ताक रही है। परिजनों ने बताया कि देवेंद्र ने बहन क्रांति से नौकरी की पहली सैलरी मिलने पर सूट बनाने का वादा किया था। सोमवार की सुबह पांच बजे वह अपने जीजा के साथ बाइक से रुद्रपुर के लिए निकल गया। बाइक को उसके जीजा एवन चला रहे थे और देवेंद्र पीछे बैठा था। देवेंद्र की मौत से परिजन टूट चुके हैं।
दमकल विभाग ने धोया सड़क का खून
रुद्रपुर। देवेंद्र और एवन की मौत से काशीपुर बाइपास सड़क 30 मीटर तक खून से लाल हो गई। सुबह की सैर पर निकलीं कई महिलाएं सड़क पर फैला खून और शवों के चिथड़े देखकर गश खाकर गिर गईं। दमकल विभाग के एफएसओ रामधारी यादव ने बताया कि सड़क पर फैले खून को धोने के लिए एक वाटर केनन भेजा गया। खून को धोने में एक घंटा लगा।
सर्विस लाइन नहीं होने से होते हैं हादसे
रुद्रपुर। गावा चौक से भूरारानी को जाने वाली सड़क के किनारे सर्विस लेन बनाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। इसके बावजूद पीडब्लूडी सर्विस लाइन नहीं बना सका है। सोमवार को दो मौतों के बाद पुलिस अधिकारियों की नींद टूटी। एसपी क्राइम मिथिलेश सिंह, सीओ सिटी अमित कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यापारियों और पीडब्लूडी के अधिकारियों के साथ बैठक भी हुई। तय हुआ कि एक सप्ताह के भीतर सर्विस लेन बनाने का काम शुरू हो जाएगी। गावा चौक पर लगी मूर्ति को हटाया जाएगा। तब तक के लिए हाईवे पर बैरियर लगाए जाएंगे। एसपी क्राइम मिथिलेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना रोकने के लिए दोनों विभागों के अधिकारियों को कई बार निर्देश दिए गए हैं। सर्विस लाइन बनाने का आश्वासन तो मिला, लेकिन काम शुरू नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि एनएच और पीडब्लूडी के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि एक सप्ताह में काम पूरा कर लें। इस दौरान कोई हादसा हुआ तो उनके खिलाफ पहला केस दर्ज किया जाएगा।
दीदी से किया था मिठाई लाने का वादा
रुद्रपुर। मृतक देवेंद्र की दीदी और मृतक एवन की पत्नी क्रांति ने बताया कि दोनों सुबह बिना नाश्ता किए घर से निकल गए थे। देवेंद्र ने बैंक में काम निपटाने के बाद जीजा के साथ होटल में लंच करने की बात कही थी। उसने मुझसे और भांजियों से मिठाई लाने का वादा भी किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें