पुलिस हिरासत में दशमोत्तर छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपी।
- फोटो : SITARGANJ
दशमोत्तर छात्रवृत्ति घोटाले में एससी, एसटी और ओबीसी छात्र-छात्राओं का तकनीकी कॉलेजों में फर्जी दाखिला दिखाकर छात्रवृत्ति हड़पने के मामले में पुलिस ने बिचौलिये और विद्यालय प्रबंध समिति के एक संचालक सदस्य को गिरफ्तार किया है। कोरोना जांच के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने शनिवार को बताया कि एसआईटी की जांच में वर्ष 2011-12, 2012-13 तथा 2013-14 में सितारगंज तथा खटीमा ब्लॉक के 68 छात्र-छात्राओं का यूपी के मां गायत्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में प्रवेश दिखाया गया था। जांच में 13 छात्र-छात्राओं का प्रवेश फर्जी पाया गया।
एसआईटी के निरीक्षक एनएन पंत की तहरीर पर पुलिस ने 26 जुलाई 2020 को थाना रजबपुर जिला अमरोहा यूपी निवासी विद्यालय प्रबंध समिति के संचालक सदस्य विवेक कुमार शर्मा तथा ग्राम खैराना थाना नानकमत्ता निवासी बिचौलिये आशीष सिंह राणा के खिलाफ धारा 420, 467, 468, 471, 120बी तथा 406 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के लिए दोनों को थाने बुलाया गया था। पूछताछ में आरोपी से मिले लैपटॉप की जांच की तो उसमें आरोप सिद्ध हो गए। इस पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।