चंपावत जिले के टनकपुर कोतवाली पुलिस की टीम ने दो आरोपियों के कब्जे से 7.50 ग्राम हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ शिवराज सिंह राणा ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात में प्रभारी कोतवाल चेतन रावत, एसएसआई पूरन सिंह तोमर के साथ कोर्ट के तलाशी के वारंट पर वार्ड संख्या 3 वर्मा लाइन निवासी आरोपी शहजादे खान उर्फ सज्जू के घर पर मादक पदार्थों की बिक्री और संग्रह के उपयोग करने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया।
आरोपी शहजादे ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह खटीमा के ग्राम दियूरी निवासी जस्सी नाम के व्यक्ति से उक्त हेरोइन लाया था। जिसे वह क्षेत्र के लोगों को छोटे छोटे बिटों में बेचता है। इसमें जाहिद खान के कब्जे से एक बिट हेरोइन बरामद हुई। जबकि वार्ड के ही आरोपी जाहिद खान के कब्जे से एक बीट हेरोइन, एक भारतीय सौ रुपये का नोट, 10 रुपये का नेपाली जला हुआ नोट, एक सिगरेट, एक लाइटर आदि बरामद हुआ। पुलिस टीम में महिला एसआई हिमानी गहतोड़ी, महिला कांस्टेबल प्रीति समेत अनेक पुलिस कर्मी शामिल रहे।
बता दें कि बीते दिनों बनबसा में पुलिस ने नानकमत्ता निवासी आरोपी मंगत सिंह उर्फ मंगू को गिरफ्तार किया था। इसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये की हेरोइन बरामद हुई थी। आरोपी से पूछताछ में बनबसा और टनकपुर के कुछ लोगों के इस धंधे में लिप्त होने के इनपुट पुलिस को मिले थे।