रुद्रपुर। पीलीभीत (यूपी) के एक व्यक्ति के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को दिए पत्र में वाहन का गलत चालान कटने की शिकायत कर उसे निरस्त करने की मांग की है। बिहारीपुर खुर्द पीलीभीत बिलसंडा निवासी ओमकार ने एआरटीओ को दिए पत्र में कहा है कि उनके पास लोडर-1 टाटा एसीई वाहन है।
जिसका नंबर यूपी 26 टी 3524 है। विभाग से सूचना मिली है कि उक्त वाहन का चालान 15 नवंबर 2022 को बांसखेड़ा काशीपुर में हुआ है। जानकारी हासिल करने पर पता चला कि उक्त चालान चालक सुशील कुमार सिंह के नाम से काटा गया है। जबकि इस नाम के किसी चालक ने उनका वाहन नहीं चलाया है और उनका वाहन कभी भी बांसखेड़ा नहीं गया।
चालान में प्रदर्शित फोटो किसी ट्रक का है। प्रतीत हो रहा है कि चालान चिट में उनके वाहन का नंबर त्रुटिवश अंकित हुआ है, जिसे निरस्त किया जाना चाहिए। एआरटीओ प्रशासन मोहित कोठारी का कहना है कि प्रकरण की जांच कराई जाएगी। शिकायत सही पाई गई तो चालान निरस्त किया जाएगा। जिस वाहन का वास्तविक चालान होगा, उसमें मर्ज किया जाएगा।