ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर के तराई पश्चिमी वन प्रभाग के पतरामपुर रेंज में बाघ का शव मिलने से वन विभाग में अफरातफरी मच गई। टीम ने बाघ के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वन क्षेत्राधिकारी धर्मानंद सोनाल ने बताया कि मंगलवार रात विभाग की टीम पतरामपुर के जंगल में गश्त कर रही थी। तभी टीम को रेंज के कक्ष संख्या 23 में बाघ का शव पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि आपसी संघर्ष में बड़े बाघ ने इसको मारा है।
मृत बाघ की उम्र लगभग दस साल रही होगी। पोस्टमार्टम के लिए शव को बैलपड़ाव स्थित चूलाखान के इको टूरिज्म सेंटर में भेजा गया है। चिकित्सकों के पैनल की रिपोर्ट आने के बाद ही बाघ की मौत के कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।