गुलाब सिंह सिरोही, जिला अध्यक्ष, उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षक संघ।
- फोटो : RUDRAPUR
उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के चुनाव से ठीक पहले अनुशासनहीनता के आरोप में तीन शिक्षकों को जिला संगठन से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। तीनों सदस्य निष्कासन अवधि तक संगठन से संबंधित गतिविधियों के साथ ही मई में होने वाले चुनाव में मतदान नहीं कर पाएंगे।
कोरोना महामारी के चलते उत्तराखंड प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी के चुनाव आठ माह विलंब हो चुके हैं। जुलाई 2020 को कार्यकारिणी का तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है।
संगठन के जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह सिरोही ने बताया कि ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से चुनाव को लेकर सदस्यों की सूची सोमवार तक उपलब्ध कराने को कहा है। मई में हर हाल में चुनाव होने हैं। सिरोही ने बताया कि जिला संगठन के तीन सदस्यों सितारगंज ब्लॉक में कार्यरत शिक्षक सुरेश चंद्र और जसपुर ब्लॉक में कार्यरत शिक्षक अंबुज और रजनीश को संगठन विरोधी गतिविधियों व अनुशासनहीनता के कारण छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। तीनों शिक्षक अब कार्यकारिणी के चुनाव में मतदान नहीं कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में प्राथमिक शिक्षक संघ के चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इधर, निष्कासित सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाया।