अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की 15 बाइकें बरामद की हैं। चोरों का सरगना अभी फरार है। सभी युवक संपन्न घरानों के हैं। अपने शौक पूरे करने के लिए वाहनों की चोरी करते हैं।
कोतवाल अब्दुल कलाम ने बताया कि 23 सितंबर को ग्राम कलियावाला निवासी बलविंदर सिंह की बाइक संख्या यूके18सी-4614 चोरी हो गई। एसएसपी के निर्देश पर 26 सितंबर को बीएसवी इंटर कॉलेज के पास तिराहे पर पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान तीन युवक एक बाइक पर सवार होकर काशीपुर की ओर से आ रहे थे। पुलिस ने युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि यह बाइक चोरी की है।
अपना नाम अमन चौधरी निवासी ग्राम नारायणपुर थाना डिलारी मुरादाबाद, अनुभव चौधरी उर्फ अन्नू ग्राम अकबरपुर थाना भोजपुर मुरादाबाद, हाल निवासी आशियाना सिटी-2, थाना सिविल लाइंस मुरादाबाद, विपुल कुमार निवासी ग्राम बोधराजझ्पुर थाना भोजपुर जिला मुरादाबाद, हाल निवासी एसडीएम कोर्ट रोड जसपुर खुर्द काशीपुर बताया।
पुलिस ने तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी की 14 बाइकें, काशीपुर रोड, मुर्गी फार्म के पास से बरामद की। उन्होंने बताया कि उनके चोर गिरोह का सरगना दिव्यांश राठी उर्फ दीपू निवासी फूलपुर-मिट्ठनपुर थाना छजलैट मुरादाबाद, हाल निवासी ग्राम- मोरा की मिलक थाना सिविल लाइंस मुरादाबाद हैं। दिव्यांश वाहनों का लॉक तोड़ने व वाहनों को काटने में माहिर है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने जसपुर क्षेत्र से छह बाइकें और चुराई है।
उन्होंने जसपुर, काशीपुर, भोजपुर मुरादाबाद बिलारी आदि थाना क्षेत्रों से दर्जनों बाइकें चोरी की हैं। वह उत्तराखंड से चोरी कर यूपी में तथा यूपी में चोरी कर उत्तराखंड में बाइक बेचते थे। टीम को एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने 1500 रुपए तथा डीआईजी पूरन सिंह ने पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।