हल्द्वानी रोड पर बाइक सवार दो युवकों को एक ट्रक ने कुचल दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना इतनी जबर्दस्त थी कि पुलिस को युवकों का शव और बाइक को ट्रक के नीचे से निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भिजवा दिए हैं।
गुरुवार दिन में हल्दी निवासी गोविंद (25) पुत्र भूरा और विजय कुमार (24) पुत्र अशोक कुमार बाइक संख्या यूके 06वाई 5016 से किच्छा आए थे। दोनों वापस लौट रहे थे कि हल्द्वानी बाईपास पर काली मंदिर के निकट मोड़ पर उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रहे रेत भरे ट्रक संख्या यूपी 25 क्यू 9649 से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक के नीचे आ गई। दुर्घटना के बाद दोनाें युवक ट्रक के नीचे बुरी तरह कुचल गए। दुर्घटना की सूचना पर सीओ प्रताप सिंह हयांकी, कोतवाल बीएल विश्वकर्मा समेत तमाम पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। दोनों की शिनाख्त हल्दी निवासी गोविंद और विजय के रूप में हुई। बताया गया है कि बाइक गोविंद की थी। दुर्घटना के समय किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। दोनों सिडकुल की एक कंपनी में नौकरी करते थे और हल्दी में किराए के मकान पर रह रहे थे। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिये रुद्रपुर भेजे हैं।