रुद्रपुर शहरवासियों के लिए अच्छी खबर है। अब जल्द ही शहर में अंतरराज्जीय बस अड्डे का निर्माण शुरू होने जा रहा है। जिला प्रशासन ने परिवहन विभाग को करीब दस एकड़ जमीन दे दी है। इसी के साथ ही रोडवेज डिपो ने भी अब आईएसबीटी के लिए कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। रुद्रपुर रोडवेज प्रबंधन ने एक प्रस्ताव तैयार कर जमीन की तारबाड़ कराए जाने के लिए उत्तराखंड परिवहन निगम देहरादून के महाप्रबंधक को भेज दिया है।
अंतरराज्जीय बस अड्डे के निर्माण के लिए अमर उजाला ने जून में अभियान चलाया था। इस अभियान और जनता की परेशानियों को देखते हुए जिलाधिकारी ने रुद्रपुर के किच्छा बाईपास पर दस एकड़ जमीन उपलब्ध करा दी है। अब जल्द ही इसकी तारबाड़ शुरू कर चहारदीवारी का काम भी शुरू हो जाएगा। सूत्रों का कहना है कि आईएसबीटी के निर्माण का काम उसी कंपनी को दिया जा सकता है जिसने देहरादून के आईएसबीटी का निर्माण किया था। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी आईएसबीटी के निर्माण की घोषणा की थी, इसके बाद रुद्रपुर जिला प्रशासन भी हरकत में आया। रुद्रपुर रोडवेज डिपो के एआरएम केएस राणा ने बताया कि उन्होंने आईएसबीटी के निर्माण के लिए जिला प्रशासन द्वारा किच्छा बाईपास रोड स्थित दी गई जमीन की फिलहाल तारबाड़ करने के लिए एक प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। जल्द ही भूमि की तारबाड़ शुरू कर परिवहन विभाग के आला अधिकारियों को रिपोर्ट भी सौंपी जाएगी।