आरटीआई में मांगी गई सूचना से आंगनबाड़ी में कार्यरत सहायिका की टीसी का ऑन रिकार्ड न होना प्रकाश में आया है। जिससे खिन्न होकर सहायिका के पति ने आरटीआई कार्यकर्ता को जान से मारने की धमकी दी है। कोतवाली में शिकायत न सुने जाने पर आरटीआई कार्यकर्ता ने एसएसपी को पत्र भेज कर अपनी सुरक्षा की मांग की।
ग्राम निवारमंडी निवासी सूरज सिंह पुत्र रामस्वरूप की ओर से 19 अक्तूबर 2015 को बाल विकास परियोजना के लोक सूचना अधिकारी से ग्राम रामनगर वन के आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत एक सहायिका के शैक्षिक प्रमाण पत्रो की सूचना मांगी गई। विभाग की ओर से दी गई जानकारी पर सहायिका की टीसी का सत्यापन कराने के बाद वह आन रिकार्ड नही मिली। जिसके आधार पर सहायिका वहां कार्यरत है।
बताया जाता है कि इसी को लेकर सहायिका के पति ने आरटीआई कार्यकर्ता से सूचना वापस लेने का दबाव बनाया। सूचना वापस न लेने पर पति ने जान से मारने की धमकी दी है। उधर, बाल विकास परियोजना अधिकारी लक्ष्मी टम्टा ने बताया कि मामले की जांच के लिए सहायिका की टीसी उसके विद्यालय भेज कर जांच उपरांत कार्रवाई की जायेगी।