रुद्रपुर। स्थानीय निवासियों के लिए राहत की खबर है। किच्छा में एनएच नौ पर चुकटी से पनचक्की तक मोटर मार्ग को हॉटमिक्स बनाने का कार्य जल्द शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग ने परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है जिससे क्षेत्र की दशकों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा।
लोनिवि के अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती ने बताया कि इस सड़क के बनने से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा। वर्तमान में सड़क की जर्जर हालत के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती है। खासकर बरसात के मौसम में यह मार्ग दुर्गम हो जाता है। हॉटमिक्स सड़क बनने से न केवल यात्रा सुगम होगी बल्कि वाहनों के रखरखाव का खर्च भी कम होगा। यह मार्ग क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।
विभाग ने कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य रखा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। कार्य 90 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।