जसपुर। मोहल्ला जटवारा स्थित पंडित उमादत्त रंगमंच श्रीरामलीला कमेटी की ओर से बुधवार शाम श्रीराम बरात निकाली गई। गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के बीच श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे। व्यापार मंडल और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर बरात का स्वागत किया।
कमेटी अध्यक्ष सौरभ कुमार गर्ग और कोषाध्यक्ष कैलाश मित्तल के नेतृत्व में ठाकुर मंदिर चौक से बरात का शुभारंभ हुआ। भगवान श्रीराम श्वेत अश्वों से सजे रथ पर विराजमान होकर निकले। बरात नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शिव मंदिर पहुंची। अखाड़े के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
शिव मंदिर में भगवान श्रीराम की आरती उतारी गई और प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान भंडारे का आयोजन भी हुआ। उधर, धर्मशाला मंदिर परिसर में रामलीला के तहत राम विवाह और महिषासुर मर्दिनी नाटक का मंचन किया गया। कलाकारों ने धार्मिक प्रसंगों का जीवंत चित्रण कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहां व्यापार मंडल अध्यक्ष हरिओम सिंह, निकेश चंद्र अग्रवाल, अर्पित रस्तोगी, अंकुर बंसल, विमल अग्रवाल, विपलेश गुप्ता, मनोज कुमार, मान सिंह, प्रेम कुमार, अनुराग अग्रवाल आदि थे।