काशीपुर। मृतक किसान सुखवंत के दसवां कार्यक्रम को लेकर पुलिस-प्रशासन की सांसें थमी रहीं। जब तक कार्यक्रम समाप्त नहीं हो गया तब तक प्रशासन सक्रिय रहा। कार्यक्रम स्थल पर आने वाले हर आदमी पर पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर रही। पुलिस प्रशासन को पंचायत होने की आशंका थी।
मंगलवार सुबह छह बजे से पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो प्रशासन को लगा कि अब यहां पर पंचायत हो सकती है परंतु भारतीय किसान यूनियन के सदस्य कुछ देर रुके और चले गए। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं, पैगा चौकी पर सीओ, तीन से चार थानों के कोतवाल सहित भारी फोर्स तैनात रहा। ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस फोर्स मौके पर मोर्चा संभाल सके।
इनसेट...
सादी वर्दी में पुलिस कर्मी रहे थे तैनात
कार्यक्रम स्थल पर कोई अनहोनी न हो इसके लिए पुलिस की टीम चप्पे-चप्पे पर तैनात रही। कुछ पुलिस कर्मियों को सादी वर्दी में भी तैनात किया गया था ताकि वो हर गतिविधि पर नजर रख सकें और सूचना तत्काल आलाधिकारियों को दे सकें।
इनसेट...
परिजनों की निगरानी में लगी रही पुलिस
सादी वर्दी में तैनात पुलिस कर्मी परिजनों की निगरानी करते हुए दिखे। वहीं, मीडिया कर्मियों के नेताओं के बाइट लेने के दौरान भी पुलिस कर्मी सक्रिय नजर आए। एलआईयू के अलावा कई थानों के दरोगा सादी वर्दी में दिखाई दिए।