रुद्रपुर। चीन की राजधानी बीजिंग में आयोजित एशियन पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप के सिंगल्स में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे मनोज सरकार ने गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मनोज ने सिंगल्स के फाइनल में चीन के सिया ओयू चेन को दो सेटों के सीधे मुकाबले में 21-17 और 21-14 से हराकर पैरा ओलंपिक एशियन बैडमिंटन चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। पूरी प्रतियोगिता में मनोज ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए किसी भी प्रतिद्वंद्वी को अपने सामने टिकने नहीं दिया।
सेमीफाइनल में मनोज ने अपने हमवतन और विश्व चैंपियन प्रमोद भगत को 21-15, 21-18 से पराजित कर दिया। चार वर्ष पूर्व कोरिया में आयोजित एशियन पैरा बैडमिंटन चैंपियनशिप में बुखार के कारण मनोज बेहतर खेल प्रदर्शन नहीं कर सके थे, तब उन्हें सिल्वर मेडल पर ही संतोष करना पड़ा था।
कोरिया एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल हासिल ना करने की कसक इन चार वर्षों में हमेशा मनोज के दिल में बनी रही और इसी कसक को दिल में सहेजकर उन्होंने बीजिंग के लिए विशेष रूप से तैयारी की थी। इसके लिए पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़, बैडमिंटन संघ के जिलाध्यक्ष पुष्कर राज जैन, रुद्रपुर राइजिंग अध्यक्ष विजय आहूजा, जिला स्पोर्ट्स अधिकारी सुरेश पांडे ने इंदिरा बंगाली कॉलोनी निवासी मनोज को बधाई दी है।