जसपुर। गांगूवाला में रोडवेज बस अड्डा बनाए जाने की योजना अब फ्लॉप होती नजर आ रही है। बीएसवी इंटर कॉलेज के प्रबंधक ने बस अड्डे के लिए चयनित भूमि को फसली और स्कूल हित में असुरक्षित बताया। उन्होंने संबंधित अफसरों को पत्र भेज कर छात्र हित में इस भूमि पर बस अड्डा न बनाए जाने की मांग कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष विनय रूहेला ने क्षेत्रवासियों की मांग पर पिछले दिनों गांगूवाला में 0.7370 हेक्टेयर भूमि का चयन कर बस अड्डा के लिए उपयुक्त बताया था।
उन्होंने मुख्यमंत्री से इस भूमि पर बस अड्डा निर्माण की मांग की थी। उनकी मांग पर डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने निशुल्क भूमि का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था।
योजना प्रस्ताव के तहत चिह्नित भूमि जसपुर-काशीपुर-अफजलगढ़ के मुख्य मार्ग से दक्षिण दिशा में लगभग 120 मी. की दूरी पर है जो नगर के बीच और वार्ड नंबर 15 में आती है। भूमि गांगूवाला में सड़क से लगी हुई है और बस अड्डे के लिए प्रयुक्त है।
योजना को धरातल पर उतारने की कवायद चल ही रही थी, कि अचानक बीएसवी इंटर काॅलेज के प्रबंधक सुभाष चंद्र अग्रवाल के पत्राचार से मामले में नया मोड़ आ गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को 11 बिंदुओं पर आधरित एक पत्र प्रेषित किया।
उन्होंने इसमें कहा कि चयनित भूमि विद्यालय के संरक्षण में है। इसका इस्तेमाल विद्यार्थियों के खेलकूद और कृषि कार्य के लिए किया जाता है। भूमि के अभाव में छात्र-छात्राओं की शिक्षा पर असर पड़ेगा। उन्होंने बस अड्डा बनने से विद्यार्थियों पर पड़ने वाले प्रभाव को बताया।
ऐसे तो फिर बनने से रहा बस अड्डा
रोडवेज बस अड्डा बनाने के लिए पहले अफजलगढ़ मार्ग फिर बहादरपुर और अब गांगूवाला की भूमि को चयनित किया गया लेकिन हर बार किसी न किसी कारण योजना फ्लॉप होती ही नजर आई। कॉलेज प्रबंधक के पत्र से रविवार को मामला और गहरा गया। लोगों ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा की। सत्ताधारी जनप्रतिनिधियों और सरकार से योजना को धरातल पर उतारने की सफल मांग की।
चयनित भूमि की जांच पड़ताल की जा रही है। राजस्व विभाग की टीम को लगाया गया है। यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि विद्यालय के पास रोडवेज बस अड्डा का निर्माण किया जा सकता है कि नहीं।
- अभय प्रताप सिंह, एसडीएम काशीपुर-जसपुर