काशीपुर। मौमस में हो रहे बदलाव से उल्टी-दस्त, वायरल फीवर, टाइफाइड के मरीज बढ़ने लगे हैं। ओपीडी में इनसे ग्रस्त मरीज का उपचार कर चिकित्सक उचित परामर्श दे रहे हैं। वहीं कुछ की हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती भी किया जा रहा है।
गत दो तीन दिनों से मौसम में आए बदलवा के कारण लापरवाही बरतने से व्यक्ति पेट रोग और वायरल फीवर आदि रोगों की चपेट में आ रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर 25-30 मरीज एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय पहुंच रहे हैं। वह अलग-अलग विभाग में चिकित्सकों से इलाज करा रहे हैं। चिकित्सक ओपीडी में इलाज करके सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। इनमें दो-चार मरीजों को अधिक परेशानी होने पर भर्ती भी किया जा रहा है।
फिजिशियन डॉ. कीर्ति मेहता ने बताया कि ओपीडी में टाइफाइड, वायरल फीवर, लूज मोशन के मरीज अधिक आ रहे हैं। बीपी कम होने और कमजोर लगने पर दो-चार मरीजों को भर्ती भी किया जा रहा है। मरीजों को साफ पानी पीने, घर में आरओ नहीं होने पर पानी उबाल कर पीने, धूप से बचने, बाहर के खाने से परहेज करने आदि की सलाह दी जा रही है।
वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी ने बताया कि ओपीडी में करीब 10-15 मरीज उल्टी दस्त, फीवर आदि के आ रहे हैं। इससे पहले यह संख्या कम रहती थी। दवाइयां देकर उन्हें घर भेज दिया जा रहा है। आराम नहीं होने पर भर्ती की सलाह दी जाती है। अस्पताल में दवाइयां पर्याप्त है। संवाद