कुंडेश्वरी रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी में 711 उपभोक्ताओं की सब्सिडी को आठ खातों में डाले जाने के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बड़े स्तर पर हुए घपले के आरोपियों से पूछताछ खुद कोतवाल कर रहे हैं।
बीते दिनों इंडेन गैस एजेंसी में डीबीटीएल से जुड़े उपभोक्ताओं की सब्सिडी को आठ खातों में डाले जाने का मामला प्रकाश में आया था।
इसी के चलते आईओसी के साथ ही कुमाऊं मंडल विकास निगम के अधिकारी भी जांच में जुट गए थे। एजेंसी से ही लापरवाही पाए जाने पर कुमाऊं मंडल विकास निगम के जीएम त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने तत्कालीन प्रबंधक व कंप्यूटर आपरेटर पंकज गंगोला को निलंबित कर दिया था।
अब पुलिस ने एजेंसी प्रबंधक आनंद कुमार की तहरीर पर निकट गैस एजेंसी निवासी पंकज गंगोला, काजीबाग मोहम्मद अरशद सिद्दीकी, खालसा मोहम्मद कासिम व मोहम्मद तामीन खान निवासी महेशपुरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं बृहस्पतिवार को कोतवाल वीके जेठा जांच को एजेंसी पहुंचे। उन्होंने प्रबंधक आनंद कुमार से जानकारी जुटाई।