खटीमा। क्षेत्र पंचायत की बोर्ड बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन से पेयजल आपूर्ति में हो रही दिक्कतों और पाइपलाइनों के लीकेज का मुद्दा छाया रहा। जनप्रतिनिधियों ने सदन में पेयजल समस्या समेत विभिन्न बिजली, सड़क के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए शीघ्र निस्तारण करने को कहा।
ब्लॉक सभागार में शनिवार सुबह 11 बजे से शुरू हुई बोर्ड बैठक में बीडीसी सदस्यों, ग्राम प्रधानों और जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बीडीसी सदस्य बानूसा सुभाष सिंह राना ने पुरनापुर, गांधीनगर, बेरीघाट कॉलोनी, पचपेड़ा में खराब पड़े इंडिया मार्का नलों को रिबोर कराने की मांग की।
बीडीसी सदस्य बरी अंजनिया किशनपाल ने चोक नालियों की सफाई व मच्छरों से बचाव के लिए दवाइयों के छिड़काव की मांग की। साथ ही आरसीसी सड़क व इंटरलॉक सड़क के निर्माण की मांग की। बीडीसी सदस्य देवरी आसमा ने विद्युत लाइनें बिछाने व भीमसेन मंदिर के सौंदर्यीकरण की मांग की। ग्राम प्रधान नदन्ना माया जोशी ने टाइल्स सड़क निर्माण की मांग की।
ग्राम प्रधान सुजिया मंजू राना ने पेयजल लाइनों के लीकेज की समस्या को दूर करने की मांग उठाई। छिनकी ग्राम प्रधान लक्ष्मी पांडेय ने सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की। ग्राम प्रधान फुलैया अशोक राणा ने विद्युत पोल लगाने और विद्युत तार झूलने का मुद्दा उठाया। वहां जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, ज्येष्ठ उप प्रमुख भागीरथी राणा, पीडी हिमांशु जोशी, बीडीओ संजय गांधी आदि थे।