खटीमा कोतवाली के अंतर्गत आने वाले एक दूरस्थ गांव में छत के रास्ते घर में घुसे हथियारबंद चार बदमाशों ने शिक्षिका और उसके बच्चेे के गले पर तमंचा और चाकू रखकर घर में लूटपाट की। इतना ही नहीं इन बदमाशों ने शिक्षिका को उसके साथ सामूहिक बलात्कार भी किया। इससे वह बेहोश हो गई। शिक्षिका होश आने पर गोशाला के रास्ते के बाहर निकली और आसपास के लोगों व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया और जांच पड़ताल शुरू की।
खटीमा से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित गांव में एक विवाहिता प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका है। उसका पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। वह अपनों दो बच्चों के साथ गांव में रहती है। पुलिस को सौंपी तहरीर में पीड़िता ने बताया कि वह अपने दोनों बच्चों के साथ शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे टीवी देख रही थी। छत के रास्ते चार हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए। उन्होंने आते ही उसकी कनपटी पर तमंचा और छोटे बेटे की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद उन्होंने घर का सामान उलट-पुलट करना शुरू कर दिया।
बदमाशों ने अलमारी तोड़कर गले के दो मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान की बालियां, मांग टीका, नथ निकाल लिए। बाद में बदमाश उसे दूसरे कमरे में ले गए। कमरे में चारों ने जबरन उसके कपड़े उतारे और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। विरोध करने पर उसके गुप्तांगों पर चोट भी पहुंचायी। बदमाशों की जोर जबरदस्ती और मारपीट के कारण वह बेहोश हो गई। जब सुबह आंख खुली तो उसने देखा तो उसका मोबाइल भी बदमाश उठा ले गए थे।
वह गोशाला के रास्ते घर के बाहर निकली और पड़ोसियों को सारी बात बताई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ पांगती और कोतवाल ध्यानी ने बताया जीने पर दरवाजा न होने के कारण बदमाश निर्माणाधीन गोशाला की दीवार से छत पर चढ़े और वहां से अंदर घर में दाखिल हुए।