बच्ची को देहरादून भेजते डॉक्टर।
- फोटो : अमर उजाला
काशीपुर। रेलवे लाइन किनारे 16 दिन पहले लावारिस मिली नवजात कन्या शिशु को राजकीय शिशु गृह केदारपुरम देहरादून भेजा गया है। एमपी मेमोरियल अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. संतोष श्रीवास्तव सहित देखभाल में लगी नर्सों ने नम आंखों से 16 दिन की एंजिल को विदा किया।
रामनगर रेलवे लाइन किनारे प्रिया माल के पीछे 15 जून की रात किसी ने नवजात शिशुु को झाड़ियों में फेंक दिया था। 16 जून की सुबह किसी को बच्चा मिला तो उसने बच्ची को रामनगर रोड स्थित एमपी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती करवा दिया। जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ. रजनीश बत्रा ने जिला प्रशासन को शिशु मिलने की सूचना दी।
जिला बाल कल्याण समिति के संरक्षण में एमपी मेमोरियल अस्पताल में शिशु को रखा गया। अस्पताल के एमडी डॉ. संतोष श्रीवास्तव ने शिशु की अगली व्यवस्था होने तक अस्पताल द्वारा बच्ची की देखभाल, उपचार की जिम्मेदारी दी। शिशु की देखभाल करने वाले स्टाफ ने उसका का नाम एंजिल रखा।
सोमवार को अस्पताल ने स्वस्थ शिशु को जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला बाल कल्याण समिति को सौंप दिया। शिशु को एंबुलेंस से पुलिस कांस्टेबल बबलू जोशी, विद्या के संरक्षण में एमपी मेमोरियल की नर्स सुषमा शिशु एंजिल को लेकर राजकीय शिशुगृह केदारपुरम देहरादून को रवाना हो गए। डॉ. संतोष श्रीवास्तव, डॉ. रजनीश बत्रा, दीपिका सारस्वत ने विदा किया।