काशीपुर। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ ऊधमसिंह नगर की ओर से चल रही अंडर 19 जिला क्रिकेट लीग में द डेन क्रिकेट क्लब और किंग्सफोर्ड क्रिकेट अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जीत दर्ज की।
सोमवार को द डेन क्रिकेट क्लब कुंडेश्वरी में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी द डेन क्लब की टीम 38.3 ओवरों में 225 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंजाल क्रिकेट अकादमी रुद्रपुर की टीम मात्र 69 रनों पर सिमट गई। अंपायर नमन ग्रेवाल और रुद्र चौहान रहे। ऑनलाइन स्कोरिंग प्रभजोत ने की।
दूसरे मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी गदरपुर क्रिकेट एकेडमी की टीम 40 ओवरों में 158 रनों पर ढेर हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी किंग्सफोर्ड क्रिकेट अकादमी प्रतापपुर की टीम ने 30 ओवरों में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अंपायर पर्व ठाकुर और गुरजीत सिंह रहे। मैच की ऑनलाइन स्कोरिंग अनमोल ने की।