रुद्रपुर। नगर में राहगीरों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे फुट ओवर ब्रिजों का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। दो स्थानों पर काफी कम काम हुआ है। चार अन्य स्थानों पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिजों के निर्माण की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हो पाई है।
एनएचएआई ने करीब चार महीने पहले नैनीताल हाईवे (एनएच 109) पर जिला न्यायालय और विकास भवन के पास और सिडकुल के पास फुट ओवरब्रिजों का काम शुरू किया था। जजी कार्यालय के पास सीमेंट बेस बना दिया गया है।
सिडकुल के पास सीमेंट के बेस पर लोहे के काॅलम खड़े किए गए हैं। जजी के पास लोहे के कॉलम भी नहीं बने हैं। सिडकुल के पास ब्रिज की सामग्री हाईवे किनारे पड़ी है। इसके अलावा बस स्टैंड के समीप, इंद्राचौक, गाबा चौक के साथ ही मेडीसिटी अस्पताल के पास भी फुट ओवरब्रिज प्रस्तावित हैं मगर इनके निर्माण की प्रक्रिया अभी शुरू ही नहीं हुई है।