काशीपुर। बार एसोसिएशन ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा की ओर से रात में टेंपो और ई-रिक्शा संचालन पर पुलिस की अनुमति को अव्यवहारिक करार दिया है। उनका कहना है कि इस आदेश से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
शनिवार को बार सभागार में एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश चौबे ने कहा कि इस आदेश से पुलिस अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहती है। इस व्यवस्था से रात के समय दूरदराज से आने-जाने वाले यात्रियों को कितनी परेशानी होगी। इसका आकलन नहीं किया गया है। पूर्व अध्यक्ष उमेश जोशी ने कहा कि बीमार लोगों को रात के समय अस्पताल लाने ले जाने में समस्या खड़ी हो जाएगी।
वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश कुमार सिंह व अधिवक्ता सूरज कुमार ने कहा कि इस आदेश से साफ है कि पुलिस खनन वाहनों के लिए रास्ता साफ करना चाहती है। साथ ही रात के समय ई-रिक्शा व टेंपो का ऐसे में संचालन कम होने से जो अनुमति लेकर वाहन चलाएगा, वह लोगों से दोगुना किराया वसूल करेगा। अधिवक्ताओं ने कहा कि पुलिस को चेकिंग बढ़ानी चाहिए, न कि ई-रिक्शा व टेंपो संचालन पर अनुमति की बाध्यता थोपनी चाहिए। वहां पर सचिव नृपेंद्र चौधरी, उपाध्यक्ष अनूप शर्मा, उमेश जोशी, अतुल अग्रवाल, हिमांशु विश्नोई, शुभम कुमार उपाध्याय आदि मौजूद रहे।