रुद्रपुर। क्षेत्र के भदईपुरा में एक किशोरी कमरे में फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंदेशा जताया जा रहा है कि किशोरी ने आत्महत्या की है।
जानकारी के अनुसार भदईपुरा में पप्पू सिंह पांच बच्चों के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह उनकी 15 साल की बेटी गौरी टिनशेड की बल्ली पर साड़ी के फंदे पर लटकी थी। लड़की को फंदे पर लटका देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर एसएचओ धीरेंद्र कुमार, एसएसआई केसी आर्य और रंपुरा चौकी प्रभारी नवीन बुधानी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मामले की जानकारी ली। परिजनों ने बेटी से झगड़े और किसी प्रकार के तनाव से इन्कार किया है। गौरी पांच भाई बहनों में सबसे बड़ी थी।
एसएचओ ने बताया कि परिवार का किराएदार के साथ छेड़खानी को लेकर विवाद हुआ था और पुलिस के पास मामला आने के बाद दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था। किशोरी ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। गौरी सरकारी स्कूल में नवीं कक्षा की छात्रा थी। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा।
खेत में पानी लगाने गए व्यक्ति की संदिग्धावस्था में मौत
काशीपुर। खेत में पानी लगाने गए एक व्यक्ति की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। हादसे से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामनगर रोड स्थित ग्राम धनौरी निवासी विष्णु (38) पुत्र गरीब दास बृहस्पतिवार सुबह घर से खेत में पानी लगाने धनौरी में स्थित एक व्यक्ति के फार्म हाउस गया था। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रात लगभग 10-11 बजे उसके शव फार्म हाउस के खेत में पड़ा मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।
शुक्रवार को मृतक विष्णु के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बताया विष्णु घर से खेत पर पानी लगाने की बात कहकर गए थे, लेकिन जब देर रात तक नहीं लौटे तब तलाश शुरू की। इस दौरान उनका शव खेत में पड़ा मिला। बताया वह अपने पीछे तीन बेटी कल्पना, दीपा व दीपांशी व दो वर्षीय एक बेटा व पत्नी सुंदरी देवी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं।