रुद्रपुर। पर्यटन, सिंचाई, संस्कृति मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने शत प्रतिशत बजट खर्च कर कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने डीएम ने बजट पूर्ण खर्च नहीं करने वाले विभागाध्यक्ष को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। इसके अलावा कोरोना संक्रमण की रोकथाम, टीकाकरण और विकास कार्यों की सराहना करते हुए और अधिक मेहनत से कार्य करने पर जोर दिया।
शनिवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में कैबिनेट मंत्री महाराज ने डीएम को एनएच, एनएचएआई और लोनिवि की ओर से किए जा रहे कार्यों की निगरानी और समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराएं।
कहा कि जनता की ओर से शिकायतें मिली थीं कि कोरोना काल में निजी अस्पतालों ने इलाज के नाम पर भारी भरकम धनराशि ली थी, ऐसे अस्पतालों पर कार्रवाई करें। उन्होंने डीएसओ को निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों के राशनकार्ड ऑनलाईन नहीं हुए हैं, उन्हें भी राशन देने की प्रक्रिया शीघ्र सुनिश्चित करें। ऐसे लाभार्थियों की सूची शासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने इस संबंध में खाद्य सचिव से भी वार्ता की।
उन्होंने एसएसपी को अवैध खनन और बढ़ते नशे के ग्राफ पर अंकुश लगाने के लिए गोपनीय तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम रंजना राजगुरू ने कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
सीडीओ हिमांशु खुराना ने पावर प्रजेन्टेशन के माध्यम से कोविड संक्रमण की वर्तमान स्थिति, रोकथाम और जिला योजना संरचना आजीविका के तहत विभागों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। बैठक में विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला, पुष्कर सिंह धामी, आदेश सिंह चौहान, मेयर रामपाल सिंह, उषा चौधरी, एडीएम जगदीश चंद्र कांडपाल, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, एमएनए रिंकु बिष्ट आदि अधिकारी मौजूद रहे।
‘बजट खर्च नहीं कर रहे और सबके सामने करवा रहे हैं अपनी बेइज्जती...’
रुद्रपुर। कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज के तेवर समीक्षा बैठक में बेहद तल्ख रहे। हुआ यूं कि बैठक में विधायक राजकुमार ठुकराल ने सड़कों के प्रस्ताव बनाने में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की लापरवाही पर हंगामा खड़ा कर दिया। कहा कि पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर ने सड़कों के स्टीमेट बनाने और शासन में भेजने में लापरवाही बरती। जिन सड़कों के टेंडर हो गए, वहां भी काम अधूरे हैं। सत्ताधारी पार्टी के विधायक को सड़कों के लिए धरने पर बैठना पड़ रहा है।
इसी तरह विधायक राजेश शुक्ला ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी विधानसभा में जिन सड़कों के टेंडर हो चुके, वहां काम शुरू नहीं हो सका है। कई सड़कों पर बेस डाला जा चुका है लेकिन टॉप कोट नहीं डला गया है। अब बरसात होने पर डामरीकरण का कार्य नहीं हो सकेगा। महाराज ने दोनों विधायकों को चुप कराने के बाद पीडब्लूडी अधिकारी की जमकर क्लास ली।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी इंजीनियर को लताड़ लगाते हुए कहा कि ‘ये क्या हो रहा है। ये काम आपका है और आपको देखना चाहिए। आपको सड़कों का पैसा मिला हुआ है लेकिन उसे खर्च नहीं कर रहे हैं और सबके सामने अपनी बेइज्जती करवा रहे हैं। मेरी बात को समझ जाएं।’ महाराज के तेवरों से अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा।
इसके अलावा जिले में खनन के वाहनों से खुलेआम हो रही वसूली पर गहरी नाराजगी जताते हुए एसएसपी को सख्ती से अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रकों में बैठकर वसूली को देखा और रोका जा सकता है। एनएच-74 में अधूरे कार्यों पर महाराज ने कहा कि यदि कंपनी कार्य पूरा नहीं करती है तो ब्लैकलिस्ट करने का भी निर्णय लिया जाएगा।
सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार पर उतर आई है कांग्रेस : कौशिक
रुद्रपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की अध्यक्षता में देहरादून में पार्टी मुख्यालय में हुई प्रदेश कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में पर्यटन मंत्री/जिले के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय और जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा ने दीप प्रज्वलित कर वर्चुअल बैठक में हिस्सा लिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कोरोना काल में जरूरतमंदों की सेवा के लिए कार्यकर्ताओं की ओर से किए गए कार्यों की सराहना की। कहा कि सरकार संकट के इस दौर में अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। कहा कि कांग्रेस चुनाव नजदीक आने पर सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार पर उतर आई है।
कांग्रेस ने वैक्सीन को लेकर दुष्प्रचार किया था और अब वैक्सीन की कमी को लेकर दुष्प्रचार कर रही है। 21 जून से वैक्सीनेशन का और विस्तार होने जा रहा है। दावा किया कि जन कल्याणकारी योजनाओं के दम पर भाजपा प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। अंत में कोरोना से जान गंवाने वाले लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
जिला कार्यालय से बैठक में पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक राजेश शुक्ला, पुष्कर सिंह धामी, ललित मिगलानी, विवेक सक्सेना सहित 24 कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
छोटे ठेके कर दिए ताकि कार्यकर्ताओं को मिले काम
रुद्रपुर। जिला कार्यालय में पत्रकारों से संक्षिप्त वार्ता में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने सिंचाई विभाग में बड़े ठेकों की बजाय छोटे ठेके होने की मांग थी। कैबिनेट में इसका प्रस्ताव लेकर आए हैं। सिंचाई विभाग में छोटे-छोटे ठेके कर दिए गए हैं ताकि कार्यकर्ताओं को काम मिले। साथ ही अर्थव्यवस्था भी बढ़ सके। कोरोना के चलते अर्थव्यवस्था अस्तव्यस्त हो चुकी है। इसको ठीक करने का काम किया जा रहा है। (संवाद)
कैबिनेट मंत्री महाराज का कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
गदरपुर। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के ग्राम कुंदननगर नंबर पांच में पहुंचने पर जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग के आवास पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूलमालाओं से स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। वहां जिला अध्यक्ष शिव अरोरा, मंडल अध्यक्ष हरीश भट्ट, जिला पंचायत सदस्य जगदीश विश्वास, राजेश नारंग, आयुष चलाना, अरुण खुराना, राज बजाज, सनी गुगलानी आदि थे। (संवाद)
रुद्रपुर के भाजपा जिला कार्यालय में प्रदेश कार्यसमिति की वर्चुअल बैठक में हिस्सा लेते केबिनेट म- फोटो : RUDRAPUR