काशीपुर। जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें कुछ लोगों को चोटें आईं। आरोप है कि एक पक्ष ने हवाई फायरिंग भी की। तहरीर पर पुलिस ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम फिरोजपुर निवासी दवा व्यवसायी गुरनाम सिंह गामा ने कुंडेश्वरी पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसने एस्कार्ट फार्म में दो एकड़ खेती की भूमि खरीदी है। डेढ़ वर्ष पूर्व इस जमीन का दाखिल खारिज भी उसके पक्ष में हो चुका है। मंगलवार की सुबह वह ट्रैक्टर लेकर जमीन की जुताई करने के लिए गए थे। आरोप है कि इसी दौरान भूपेंद्र सिंह, हरदीप सिंह दीपू, विनोद कुमार, सुरजीत सिंह, प्रिंस व मंजीत सिंह आदि तलवारें और तमंचे लेकर वहां आ धमके।
आरोप है कि हमलावरों ने खेत में ट्रैक्टर चला रहे व्यक्ति की गर्दन पर तलवार रख दी। खेत में दूर खड़े गुरनाम सिंह और उनके सहयोगियों ने जब दौड़कर बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो हमलावरों ने गामा पर भी जानलेवा हमला बोल दिया। उन्होंने हवाई फायरिंग भी की। तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मारपीट व जानलेवा हमला करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उधर, दूसरे पक्ष के हरजीत सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है कि फिरोजपुर निवासी गुरनाम सिंह, मंडी समिति के पूर्व सभापति वेद प्रकाश तिवारी, तरसेम सिंह, हरजोत सिंह, रतन सिंह सात-आठ अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर जमीन पर कब्जा करने की नीयत से वहां पहुंचे। आरोप है कि इन लोगों ने अभद्रता करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि झगड़े की सूचना पर वह खुद कुंडेश्वरी चौकी इंचार्ज सुरेंद्र सिंह, एसआई कपिल कंबोज और प्रदीप पंत को साथ लेकर मौके पर गए थे। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।