सितारगंज। एक महिला ने सड़क किनारे खंती में भरे पानी में कूदकर जान देने की कोशिश की। वहां पर मौजूद लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने लोगों की मदद से महिला को बाहर निकाला और उसके पति को कोतवाली बुलाकर सुपुर्द कर दिया।
शुक्रवार की दोपहर गोठा गांव की एक महिला इंडेन गैस एजेंसी के पास सड़क के किनारे पहुंची। यहां उसने पानी से भरी खंती देख उसमें छलांग लगा दी। एजेंसी कर्मी व अन्य लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बाहर निकाला। लेकिन जान देने की जिद पर अड़ गई। इस पर पुलिस को मामले की सूचना दी। एसएसआई बीएस बिष्ट महिला पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को जबरन सरकारी वाहन में बैठाकर कोतवाली ले आए। पूछताछ करने पर महिला ने अपने घर का पता बताया तो पुलिस ने उसके पति को कोतवाली बुलाकर महिला को उसके सुपुर्द कर दिया। एसएसआई ने बताया कि महिला के पति का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार चल रही है। संतुलन खो देने पर आए दिन कोई न कोई हरकत करती रहती है। महिला का इलाज भी चल रहा है।