काशीपुर। प्रदेश में पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ने का कुल क्षेत्रफल पिछले पेराई सत्र की तुलना में करीब 4413 हेक्टेयर कम हो गया है। पिछले वर्ष 88,603.052 हेक्टेयर में गन्ने की खेती हुई थी जबकि इस बार यह घटकर 84,189.802 हेक्टेयर रह गई है। यानी कुल रकबे में करीब 5 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। सबसे अधिक कमी हरिद्वार जिले में हुई है जबकि ऊधमसिंह नगर में गन्ने का रकबा बढ़ा है।
गन्ना विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, ऊधमसिंह नगर जिले में इस बार गन्ने का क्षेत्रफल 22,596.868 हेक्टेयर है जबकि पिछले सत्र में यह 21,666.960 हेक्टेयर था। जिले के गन्ने का क्षेत्रफल 929.908 हेक्टेयर हो गया, जो करीब 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ऊधमसिंह नगर के काशीपुर, बाजपुर, जसपुर, गदरपुर और सितारगंज क्षेत्रों में अलग-अलग स्थिति देखने को मिली है। सितारगंज में रकबा 2,834.116 से बढ़कर 3,418.484 हेक्टेयर हो गया, यानी 584.368 हेक्टेयर की वृद्धि हुई। खटीमा में 488.461 हेक्टेयर और गदरपुर में 77.014 हेक्टेयर की बढ़ोतरी हुई। पंतनगर में भी 30.849 हेक्टेयर तथा काशीपुर में 47.486 हेक्टेयर रकबा बढ़ा है। इसके विपरीत किच्छा में 126.173 हेक्टेयर और बाजपुर में 36.903 हेक्टेयर की कमी दर्ज की गई है। जसपुर में भी रकबा 1,986.312 से बढ़कर 2,033.798 हेक्टेयर हुआ है, जबकि गन्ने का क्षेत्रफल 47.486 हेक्टेयर बढ़ा है। नादेही और हल्द्वानी क्षेत्रों में क्रमश: 23.291 और 111.903 हेक्टेयर की कमी हुई है। संवाद
इनसेट......
हरिद्वार, देहरादून की स्थिति चिंताजनक
हरिद्वार जिले में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई है। यहां पिछले सत्र के 63,294.466 हेक्टेयर के मुकाबले इस बार गन्ने का रकबा घटकर 58,237.706 हेक्टेयर रह गया है। यानी 5,056.760 हेक्टेयर की कमी हुई है, जो करीब 8 प्रतिशत है। जिले के लक्सर क्षेत्र में 1,721.185 हेक्टेयर, लिब्बरहेड़ी में 281.398 हेक्टेयर, इकबालपुर में 2,459.767 हेक्टेयर और ज्वालापुर में 594.410 हेक्टेयर रकबा कम हुआ है। देहरादून जिले में भी गन्ने का रकबा घटा है। यहां इस बार 3,355.228 हेक्टेयर में गन्ना है, जबकि पिछले सत्र में क्षेत्रफल 3,641.626 हेक्टेयर था। कुल 286.398 हेक्टेयर यानी करीब 8 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। डोईवाला में 154.106 हेक्टेयर और देहरादून क्षेत्र में 132.292 हेक्टेयर रकबा घटा है।
इनसेट......
जनपदवार स्थिति
जनपद वर्तमान गन्ना क्षेत्रफल पिछले वर्ष तुलनात्मक
ऊधमसिंह नगर 22,596.868 हेक्टेयर 21,666.960 हेक्टेयर 929.908 हेक्टेयर वृद्धि (4 फीसदी)
हरिद्वार 58,237.706 हेक्टेयर 63,294.466 हेक्टेयर 5,056.760 हेक्टेयर कमी (8 फीसदी)
देहरादून 3,355.228 हेक्टेयर 3,641.626 हेक्टेयर 286.398 हेक्टेयर कमी (8 फीसदी)
कुल प्रदेश 84,189.802 हेक्टेयर 88,603.052 हेक्टेयर 4,413.250 हेक्टेयर कमी (5 फीसदी)
......
कोट
पूरे प्रदेश में गन्ने के रकबे में कमी आई है। हरिद्वार जिले में बड़े स्तर पर रकबा घटने से आगामी पेराई सत्र में मिलों को गन्ने की उपलब्धता प्रभावित होने की आशंका है। ऊधमसिंह नगर में रकबा बढ़ना क्षेत्र की चीनी मिलों के लिए राहत की स्थिति है। गन्ना क्षेत्रफल बढ़ाने को अधिकारियों की ओर से भी प्रयास किए जा रहे हैं। - त्रिलोक सिंह मर्ताेलिया, आयुक्त आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग