परीक्षा दे रहे छात्र को नकल से रोकने पर छात्र शिक्षक से भिड़ गया। बीच बचाव को आए तीन अन्य शिक्षक भी भिड़ंत में घायल हो गए। गुस्साए शिक्षकों ने छात्र की पिटाई कर दी। जिससे छात्र भी घायल हो गया। घायल छात्र के पिता ने प्रधानाचार्य सहित पांच लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने घायल छात्र को मेडिकल के लिए भेज दिया है।
नगर में स्थित सीबीएससी से मान्यता प्राप्त विद्यालय में गृह परीक्षाएं चल रही हैं। विद्यालय के कक्षा आठवीं के छात्र को परीक्षा में नकल करता देखकर कक्ष में तैनात शिक्षक ने उसे डाटा। उत्तर पुस्तिका छीन ली। जिस पर छात्र शिक्षक से भिड़ गया। बीच बचाव को आए अन्य तीन शिक्षक भी घायल हो गए। छात्र का आरोप है कि शिक्षकों ने उसे घेरकर डंडो से मारा। किसी तरह भागकर छात्र अपने घर पहुंचा तथा घटना से अवगत कराया। घायल छात्र के पिता ने स्कूल के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों सहित पांच लोगो के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायल छात्र को मेडिकल के लिए भेज दिया। इधर, नगर के सभ्रांत एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने शिक्षकों और पीड़ित छात्र के परिजनों के बीच देर शाम तक समझौता करा दिया। तब जाकर मामला निपटा।