रुद्रपुर। एसटीएफ और वन विभाग की टीम ने तेंदुए की खाल के साथ वन्यजीव तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर ने छह माह पहले फंदा लगाकर धारदार हथियार से तेंदुए का शिकार किया था। पुलिस ने तस्कर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सीओ एसटीएफ पूर्णिमा गर्ग ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक तस्कर तेंदुए का शिकार कर खाल को बेचने की फिराक में है। इस पर एसटीएफ ने वन विभाग के साथ टीम गठित कर बृहस्पतिवार सुबह डाम कोठी शंकर फार्म पुलभट्टा से गांव रसफूडा रम्कोला, खटीमा निवासी दीनानाथ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ करने पर दीनानाथ ने बताया कि उसने छह माह पूर्व खटीमा के सुरई रेंज में फंदा लगाकर धारदार हथियार से एक तेंदुए का शिकार किया था। पुलिस ने उसके कब्जे से तेंदुए की सात फीट लंबी व चार फीट चौड़ी खाल को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी तस्कर के खिलाफ वन्य जीव जंतु संरक्षण अधिनियम की धारा लगाकर उसे कोर्ट के समक्ष पेश किया है।
वर्ष, 2021 में वन्य जीव तस्करी में पकड़ में आए मामले
केस -1
एसटीएफ की टीम ने 10 फरवरी को खटीमा से एक आरोपी को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार किया था।
केस - 2
एसटीएफ की टीम ने 1 मार्च को गुलदार की छह खालों के साथ एक तस्कर को बेरीनाग से गिरफ्तार किया था।
केस - 3
रुद्रपुर से एसटीएफ की टीम ने 17 मार्च को आठ किलो के हाथी के दांत के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया था। वहीं 23 मार्च को रुद्रपुर से 11 किलो के हाथी दांत के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया था।
केस - 4
एसटीएफ की टीम ने भवाली से एक गुलदार की खाल के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया था।
बीते साल कुख्यात तस्कर तोताराम की हुई थी गिरफ्तारी
रुद्रपुर। कुमाऊं के कुख्यात वन्य जीव तस्कर तोताराम को एसटीएफ की टीम ने पिछले वर्ष जुलाई में खटीमा से गिरफ्तार किया था। लगातार कई वर्षों से तोताराम पुलिस को चकमा दे रहा था। कुमाऊं की लगभग सभी कोर्ट से तोताराम के नाम का वारंट जारी था। भारत के सबसे बड़े वन्य जीव तस्कर संसार चंद्र के बाद तोताराम का नाम आता है। एसटीएफ की टीम ने तोताराम के पास से भारी मात्रा में वन्य जीव सामग्री बरामद की थी। संवाद