रुद्रपुर। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग जानलेवा साबित होता है। इसी को देखते हुए परिवहन विभाग ने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर रोक लगा रखी है, लेकिन चालक इस नियम की खुलेआम धज्जी उड़ाते हुए दिख जाते हैं।
परिवहन विभाग की कार्रवाई के आंकड़े इसकी तस्दीक करते हैं। एक अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक परिवहन विभाग ने संभाग में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने के 373 मामले पकड़े।
जिले में वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग आम है। हाईवे पर तक वाहन चालक चलते वाहन में फोन में बात करने से बाज नहीं आते हैं। वाहन चलाते समय फोन पर बात करना खतरे से खाली नहीं है। वाहन में फोन पर बात करने के दौरान अक्सर देखा जाता है कि चालक फोन पर बात कर रहा हो तो उस वाहन की रफ्तार कम हो जाती है, गाड़ी पर पूरा नियंत्रण नहीं रहता है। यह अन्य वाहनों के लिए भी खतरा बनता है। वर्ष 2023-24 में भी वाहन चलाते समय फोन पर बात करने पर 460 चालकों का चालान किया गया था।