जसपुर। पैथोलॉजी लैब की आड़ में भ्रूण के लिंग की जांच करने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग के मशीन को पकड़ने के बाद एसडीएम के निर्देश पर पैथोलॉजी लैब एवं मशीन को सील किया गया है। मशीन संचालक और मरीज मौका देखकर भाग गए हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधीक्षक डाॅ. धीरेंद्र मोहन गहलोत ने बताया कि बुधवार को सूचना पर सरकारी अस्पताल मार्ग स्थित खुशी पैथोलॉजी लैब एंड एक्स-रे पर टीम के साथ छापा मारा गया। लैब के एक कक्ष में भ्रूण के लिंग की जांच करने की मशीन रखी गई थी। मशीन के साथ प्रयोग होने वाली जेली भी मौजूद थी। उनके पहुंचते ही दो युवक और दो महिलाएं मौके से फरार हो गईं।
किराये के मकान में ग्राम वीरपुरी का कौमल सिंह लैब का संचालन कर रहा था। प्रथम दृष्टया जांच में लैब टेक्नीशियन भी वहां मौजूद नहीं था। मामले की सूचना एसडीएम चतर सिंह चौहान को दी गई। उनके निर्देश पर मशीन और लैब को सील कर दिया गया है।
संयुक्त रिपोर्ट बनाकर विभागीय अफसरों को प्रस्तुत की गई है। आला अधिकारियों के निर्देश पर मशीन संचालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। वहां नायब तहसीलदार भुवन चंद्र आर्य, कोतवाल जगदीश सिंह ठकरियाल, एसआई सुशील कुमार आदि थे।