रुद्रपुर। उत्तरांचल स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन ऊधम सिंह नगर में डेलीगेट चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर और जसपुर में डेलीगेट निर्वाचन के लिए विभागीय प्रतिनिधि नियुक्त करने के लिए संगठन के भीतर ही दो अलग-अलग पत्र सामने आए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने उप निबंधक, फर्म्स, सोसायटी व चिट्स को पत्र भेजकर दोनों पत्रों का संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
सीईओ मिश्रा ने बताया कि 18 अगस्त को तीन सदस्यों दिनेश सिंह, संजीव बुधोरी और हुकुम सिंह नयाल ने पत्र दिया। इसमें छह सदस्यीय तदर्थ समिति की सहमति के अलावा किसी अन्य पत्र के आधार पर डेलीगेट चयन की अनुमति नहीं देने का आग्रह किया गया था। 20 अगस्त को गुलाब सिंह सिरोही, नितेंद्र सिंह गिल और शैलेश कुमार जोशी ने दूसरा पत्र दिया, जिसमें चारों विकासखंडों में डेलीगेट चुनाव के लिए विभागीय प्रतिनिधि नियुक्त करने की मांग की गई। सीईओ ने स्पष्ट किया कि तदर्थ समिति में छह सदस्य नामित हैं और दोनों पक्षों से तीन-तीन सदस्यों के हस्ताक्षर वाले पत्र मिलने के कारण विभाग के लिए किसी एक पत्र के आधार पर निर्णय लेना संभव नहीं है। एसआईआर कार्य पूरा होने तक डेलीगेट चुनाव के लिए विभागीय अधिकारी नियुक्त करना संभव नहीं होगा।