काशीपुर। उत्तराखंड परिवहन निगम काशीपुर डिपो में चालक-परिचालकों की कमी और कुछ चालक-परिचालकों के स्थानांतरण होने से रोडवेज सेवा के संचालन पर असर पड़ने के आसार हैं। डिपो में डिमांड के मुताबिक चालक-परिचालकों की कमी से डिपो की आय पर असर पड़ना शुरू हो गया है।
काशीपुर डिपो से 35 निगम की और 18 अनुबंधित बसों का संचालन किया जाता है। बसों के नियमित संचालन के लिए डिपो को 126 परिचालकों के अलावा 81 चालकों की जरूरत है। बावजूद इसके डिपो में बीते कुछ दिनों तक 80 परिचालक और 66 चालक ही तैनात थे। अब कुछ समय पहले डिपो में तैनात पांच परिचालकों और दो चालकों का अन्य डिपो में ट्रांसफर हो गया है। ऐसे में आने वाले समय में बसों के संचालन में समस्या खड़ी हो सकती है। वर्तमान में डिपो के पास 75 परिचालक और 64 चालक रह गए हैं।
डिपो में करीब 46 परिचालकों और 15 चालकों की जरूरत है। समय-समय पर तीन से चार चालक-परिचालक अवकाश पर चले जाते हैं। इसके कारण बसों के संचालन में दिक्कत आती है और चालकों-परिचालकों से कम दूरी के रूट पर डबल ड्यूटी करानी पड़ जाती है। वर्तमान में कई बार घने कोहरे के कारण बसों के एक से दो घंटे देरी से पहुंचने से भी समस्या खड़ी हो रही है।
- अनवर कमाल, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी, काशीपुर डिपो