रुद्रपुर। एसटीएफ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त टीम ने तीन किलो अफीम के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्कर से बरामद अफीम की कीमत करीब तीस लाख रुपये बताई जा रही है। तस्कर पुलभट्टा क्षेत्र में किसी व्यक्ति को अफीम देने आ रहा था। अफीम खरीदने वाले का नाम और पते की जानकारी नहीं मिल पाई है।
रविवार को पुलिस कार्यालय में प्रेस वार्ता में एसपी क्राइम चंद्रशेखर आर घोड़के के अनुसार शनिवार को कुमाऊं एसटीएफ को सूचना मिली कि पुलभट्टा क्षेत्र में अफीम बिकने के लिए आ रही है। इस पर टीम ने पुलभट्टा पुलिस के साथ मिलकर भंगा रोड पर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक संदिग्ध पुलिस को देख कर भागने लगा। पुलिस ने पकड़कर उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम गांव तालगोटिया फरीदपुर जिला बरेली निवासी राकेश कुमार बताया। तलाशी लेेने पर उसके कब्जे से 2.926 किलो अफीम मिली। उसने बताया कि वह पांच लाख रुपये में पुलभट्टा क्षेत्र में किसी को अफीम देने आ रहा था। एसपी ने बताया कि आरोपी को ड्रग अधिनियम के तहत न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजा रहा है। इसके अलावा मामले की विवेचना की जा रही है। यदि मामले में आगे अन्य किसी का नाम सामने आता है तो उसे भी जेल भेजा जाएगा। इस दौरान वहां सीओ साइबर सुमित पांडेय, पुलभट्टा एसओ कमलेश भट्ट, एसओ विपिन जोशी सहित कई लोग मौजूद रहे।