जसपुर। वन विभाग की टीम ने जंगल से खैर की लकड़ी चोरी करते एक तस्कर को पकड़ लिया। उसके खिलाफ वन अधिनियम में प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पिछले 12 दिनों में विभाग ने यह तीसरी गिरफ्तारी की है।
दक्षिणी जसपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी महेश सिंह बिष्ट ने बताया कि विभाग की टीम शुक्रवार रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। सूचना मिली कि किलावली बीट क्षेत्र में तुमड़िया नहर के पास एक व्यक्ति बाइक पर खैर का एक गिल्टा जंगल से चोरी कर ले जा रहा है। टीम ने ग्राम कुमुगडार, मालधन चैड़, रामनगर (नैनीताल) निवासी सुरंदर उर्फ बंटा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से बोरी में छिपा एक गिल्टा खैर का बरामद हुआ। उसके खिलाफ वन अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर बाइक सीज कर दी है।
इससे पहले बीती आठ फरवरी को इसी टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर खैर के 20 गिल्टे बरामद किए थे। रेंजर ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई गई है। टीम में रेंजर एमएस बिष्ट, वन दरोगा गणेश चंद्र, ललित आर्य, तरसेम सिंह, करनैल सिंह आदि शामिल रहे।