रुद्रपुर। डीएम रंजना राजगुरू ने बताया कि शासन से जारी निर्देशों के क्रम में जिले में कोविड कर्फ्यू की अवधि को 25 मई तक की सुबह छह बजे तक प्रभावी किया गया है। कोविड कर्फ्यू के दौरान शासन की गाइडलाइन का पुलिस और प्रशासन सख्ती से पालन कराएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में परचून की दुकानें सिर्फ 21 मई को सुबह सात बजे से 10 बजे तक खुलेंगी। सरकारी गल्ला, सब्जी, दूध, मांस, फल, पशुचारा, कीटनाशक, खाद और बीज की दुकानें रोजाना सुबह सात से 10 बजे तक खुलेंगी। पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर खुले रहने के साथ ही घरेलू गैस एवं टैंकर से पेयजल का वितरण होगा। अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, डिस्पेंसरी, दवा की दुकानें, लैब और कलेक्शन सेंटर भी खुले रहेंगे। उद्योगों पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
इंटर स्टेट यात्रियों को 72 घंटे पूर्व की आरटीपीसीआर रिपोर्ट लाना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा देहरादून स्मार्ट सिटी के पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। शादी समारोह में सिर्फ 20 लोगों को आरटीपीसीआर टेस्ट निगेटिव के साथ ही अनुमति होगी। डीएम ने कहा कि जारी गाइडलाइन के अनुसार हालातों को देखते हुए फिलहाल लोग शादी समारोह को स्थगित करने का निर्णय भी अपने स्तर पर ले सकते हैं।
शव यात्रा में भी 20 लोगों को ही अनुमति होगी। मंडियों में सिर्फ किसान और रिटेलर को ही आने की अनुमति होगी। इसके अलावा किसी और को अनुमति नहीं होगी।
जिले में सभी शिक्षण संस्थान, शराब की दुकानें, बार, सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल, व्यापारिक प्रतिष्ठान, बाजार, जिम, खेल संस्थान, स्टेडियम, खेल के मैदान, स्वीमिंग पूल, मनोरंजन पार्क, थियेटर, ऑडिटोरियम आदि संस्थान एवं इनसे संबंधित गतिविधियां अगले आदेश तक बंद रहेेंगे।
आपातकालीन स्थिति में आटो, टैक्सी के साथ ही मरीजों एवं तीमारदारों के वाहनों को भी रियायत दी गई है। आवश्यक सेवाओं और कोविड-19 से जुड़ी सेवाओं वाले सरकारी, निकायों के वाहनों को चलने की अनुमति होगी।