रुद्रपुर। कोरोना वैक्सीन लगाने के लिए जब लोग जागरूक हुए तो स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन की किल्लत हो गई है। मंगलवार को अधिकतर टीका केंद्रों में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीन खत्म हो गई। वैक्सीन नहीं होने के चलते टीका केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी नदारद दिखे। स्कूलों में बनाए गए वैक्सीन केंद्रों पर जब लोग टीका लगाने पहुंचे तो वैक्सीन खत्म होने पर उन्हें बैरंग लौटना पड़ा।
आदर्श कॉलोनी स्थित गुरुनानक स्कूल और इंटर कॉलेज में इंद्रा कॉलोनी, शिव नगर, सामिया, सिंह कॉलोनी आदि से आए सैकड़ों लोग बैरंग लौट गए। सरस्वती शिशु मंदिर के टीका केंद्र में आठ किलोमीटर दूर लालपुर गांव से लोग वैक्सीन लगाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन स्लॉट मिलने पर काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। (संवाद)
लोगों ने साझा की दिक्कतें
वैक्सीन लगाने के लिए एप पर काफी बार माथापच्ची करनी पड़ रही है। पूरा टाइमिंग का खेल है, शाम छह बजे एक दम स्लॉट खुला, तब जाकर तुरंत वैक्सीन के लिए अनुसूची तय की। वैक्सीन लगने के बाद अच्छा महसूस कर रहा हूं। - राकेश, रम्पुरा।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने में काफी दिक्कत हो रही है। मुझे रजिस्ट्रेशन करना नहीं आ रहा है। टीका केंद्र में बैठे स्वास्थ्य कर्मियों से कहा तो उन्होंने खुद रजिस्ट्रेशन करने के लिए कहा। दो बार टीका केंद्र के चक्कर काट चुकी हूं। कोई मदद नहीं कर रहा है। - हीराकली, इंद्रा कॉलोनी।
आसपास के केंद्रों में ऑनलाइन स्लॉट नहीं मिला। आठ किलोमीटर दूर रुद्रपुर में स्लॉट मिला तो सीधे यहीं पहुंच गया। वैक्सीन की अनुसूची करने में ही दिक्कत आ रही है। - सुमित द्विवेदी, लालपुर।
पांच किलोमीटर दूर से रुद्रपुर में वैक्सीन के लिए स्लॉट मिला लेकिन जब टीका केंद्र पर पहुंचा तो वहां स्टाफ ही नहीं था। कुछ लोग बता रहे हैं कि वैक्सीन खत्म हो गई है। अब दोबारा कल आकर देखूंगा। - महेश कांडपाल, छतरपुर।
सितारगंज : दूसरे दिन भी 45 प्लस लोगों को नहीं लग सका टीका
शक्तिफार्म। वैक्सीन खत्म होने से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मंगलवार को दूसरे दिन भी 45 प्लस लोगों का टीकाकरण नहीं हो सका। कई लोग अस्पताल से निराश होकर लौट गए। इधर, 18 प्लस लोगों को राजकीय इंटर कॉलेज में बने जंबू केंद्र पर टीका लगाया गया।
कोविड वैक्सीनेशन के लिए क्षेत्र के लोगों ने खूब उत्साह दिखाया। इसका नतीजा यह रहा कि 45 प्लस वालों के वैक्सीनेशन में पूरे प्रदेश में पीएचसी शक्तिफार्म प्रथम पायदान पर रहा लेकिन बीते दो दिनों से वैक्सीन की कमी होने से वैक्सीनेशन का कार्य ठप है।
उधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना काल के दौरान ओपीडी की संख्या घट गई है। जबकि क्षेत्र के निजी चिकित्सकों के यहां मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सामान्य दिनों में औसतन डेढ़ सौ की संख्या में ओपीडी होती थी लेकिन वर्तमान समय में ओपीडी की संख्या घटकर महज 40 से 45 रह गई है। (संवाद)
टीकाकरण केंद्रों से सैकड़ों 45 प्लस लोग बैरंग लौटे
रुद्रपुर। जिले में मंगलवार को वैक्सीन खत्म होने के कारण 45 वर्ष से अधिक उम्र के सैकड़ों लोगों को टीकाकरण केंद्रों से निराश होकर बैरंग लौटना पड़ा। वहीं, 18 वर्ष के अधिक उम्र के भी सिर्फ 1643 लोगों को ही वैक्सीन लग सकी।
रुद्रपुर मनकामेश्वर मंदिर में बनाए गए टीकाकरण केंद्र पर समाचार पत्र वितरकों को कोरोना वैक्सीन लगवाई गई। इसके साथ ही कई पत्रकारों ने भी टीका लगवाया। जिले के 15 टीकाकरण केंद्रों पर 1643 युवाओं ने वैक्सीन लगवाई। वहीं, स्टॉक खत्म होने के कारण 45 वर्ष से अधिक उम्र के सिर्फ 475 लोग ही वैक्सीन लगवा सके।
रुद्रपुर के साथ ही खटीमा, सितारगंज, किच्छा, गदरपुर आदि क्षेत्रों में सैकड़ों लोगों को टीकाकरण केंद्रों से बगैर टीका लगवाए लौटना पड़ा। टीकाकरण अभियान के जिला नोडल अधिकारी डॉ. हरेंद्र मलिक ने बताया कि 45 वर्ष उम्र के लोगों के लिए वैक्सीन खत्म हो चुकी है। एक-दो दिन में देहरादून से वैक्सीन पहुंचने की संभावना है। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए अभी 7,780 वैक्सीन का स्टॉक है।
वैक्सीन नहीं लगने पर लोगों ने किया हंगामा
बाजपुर। श्री रामभवन धर्मशाला में बने टीकाकरण केंद्र पर 45 साल से अधिक उम्र के लोग मंगलवार को वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे। वैक्सीन नहीं लगने पर अधिवक्ताओें सहित अन्य लोगों ने हंगामा किया। अधिवक्ताओं का आरोप है कि उन्हें वैक्सीन लगवाने के लिए मंगलवार को बुलाया गया था लेकिन वैक्सीन नहीं लगी।
सूचना पर एसडीएम विवेक प्रकाश, सीएमएस डा. पंकज माथुर और पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। बताया गया कि पोर्टल नहीं चलने की वजह से टीकाकरण नहीं हो सका। सीएमएस डॉ. माथुर ने उच्चाधिकारियों से बातचीत की। पोर्टल खुलने पर वैक्सीन लगाई गई। वहां व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष सत्यवान गर्ग, नगर अध्यक्ष गणेश राय खुल्लर, बार एसोसिएशन के सचिव विजय गर्ग, हीरा शर्मा, विकास कश्यप, मोहित आदि थे। (संवाद)
168 लोगों को लगी वैक्सीन
बाजपुर। सीएमएस डॉ. पंकज माथुर ने बताया कि मंगलवार को 45 से अधिक उम्र के 80 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं, 18 से 44 साल के 88 युवाओं को टीका लगाया गया। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित 13 लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। (संवाद)