सितारगंज/शक्तिफार्म। नगर पंचायत शक्तिगढ़ के अध्यक्ष पद पर उपचुनाव के लिए चार मतदान केंद्रों के सात बूथों पर मतदान के लिए सुबह से ही कतार लग गई। शाम पांच बजे भाजपा प्रत्याशी सुनील विश्वास और निर्दलीय प्रत्याशी रमेश राय और सुमित मंडल की किस्मत मतपेटियों में कैद हो गई, जिसका फैसला कल शनिवार को होगा।
निर्वाचन अधिकारी अरविंद सिंह नेगी ने बताया कि वर्ष 2018 की वोटर सूची के तहत कुल 5615 मतदाताओं में 2933 पुरुष और 2682 महिला मतदाता हैं। इनमें से 3868 मतदाताओं ने वोट दिए। 2933 पुरुषों में से 2003 व 2682 महिला मतदाताओं में से 1865 मतदाताओं ने शाम पांच बजे तक केंद्र पर अपने मतों का प्रयोग किया। सुबह मतदान में तेजी दिखाई दी। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती गई। मतदान केंद्रों में कतारें गायब हो गईं। सुबह 11 बजे राजकीय प्राथमिक विद्यालय शक्तिफार्म खास पर तो सन्नाटा पसर गया। दोपहर बाद मतदान में तेजी देखने को मिली।
तहसीलदार जगमोहन त्रिपाठी ने चुनाव कर्मियों को किसी भी तरह की लापरवाही न करने की हिदायत दी। कोतवाल प्रकाश सिंह दानू व एसएसआई योगेश कुमार समेत भारी पुलिस फोर्स मुस्तैद रही।
क्रमवार मतदान प्रतिशत
सुबह दस बजे -18.15
दोपहर 12 बजे -36.67
दोपहर 02 बजे-49.29
शाम 04 बजे-60.96
शाम 05 बजे-68.89
चार बूथ बनाए गए थे अतिसंवेदनशील
सितारगंज। शक्तिगढ़ नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर चुनाव के लिए प्रशासन की ओर से सात वार्डों के चार मतदान केंद्रों पर सात बूथ गठित किए गए थे। इनमें से चार बूथों को अति संवेदनशील व तीन बूथ संवेदनशील घोषित की श्रेणी में रखे गए थे।