काशीपुर के कुंडा थाना क्षेत्र में तालाब में पलटी स्कूल बस।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में बस असंतुलित होकर सड़क किनारे बने तालाब में जाकर पलट गई। हादसे में बस में सवार कुछ बच्चों को मामूली खरोंचे आईं। मौके पर मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने बच्चों को सुरक्षित तालाब से निकाला। दोपहर बाद बस को क्रेन की मदद से तालाब से बाहर निकाला गया।
एक निजी स्कूल की बस (यूए12/3717) शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे ग्राम बक्सौरा से स्कूली बच्चों को लेकर ग्राम टीला की ओर जा रही थी। बस के सामने अचानक एक कुत्ता आने पर चालक जोगेंदर सिंह ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और बस बेकाबू होकर सड़क के किनारे तालाब में जाकर पलट गई। हादसे के समय बस में 12 बच्चे सवार थे। हादसा होते ही बच्चों में चीख पुकार मच गई। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों ने आननफानन में मौके पर पहुंचकर बच्चों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ बच्चों को मामूली खरोंचे आईं। सूचना पर बच्चों के अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। कुंडा थाना प्रभारी राजेश यादव भी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। अभिभावक डरे सहमे बच्चों को स्कूल भेजने की बजाय घर ले गए।
इधर, एआरटीओ अनीता चंद्र ने बताया कि स्कूल बस के तालाब में पलटने की जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिस स्कूल की बस पलटी है, उसकी फिटनेस संतोषजनक पाई गई है। यह बस स्कूल के नाम पंजीकृत है। एआरटीओ ने बताया कि स्कूलों में लगी सभी बसों व अन्य वाहनों का ब्योरा एकत्र कर उनकी फिटनेस के मानक जांचे जाएंगे। उन्होंने बताया कि काशीपुर में 90, जसपुर में 45 और बाजपुर में 65 स्कूल बसें पंजीकृत है। स्कूलों में लगे डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।